Ajwain Neembu Sendha Namak: Gas aur Pet Dard ka Gharelu Nuskha

 

घरेलू नुस्खा जो सबके लिए है – मेरा अनुभव

आज मैं लिख रही हूं एक घरेलू नुस्खा जो सभी के लिए है और मैंने भी इसे स्वामी नित्यानंद जी से सीखा था।

असल में मुझे बचपन से गैस की बहुत समस्या रहती थी। कोई भी गरिष्ठ भोजन पचाने में मेरा पेट अशक्त हो जाता था। कभी लूज़ मोशन होने लगता तो कभी कब्ज की समस्या। अब हर रोज तो हम अंग्रेजी दवाई नहीं खा सकते हैं, क्योंकि एलोपैथिक दवाइयाँ जितनी जल्दी आराम देती हैं, उतनी ही अंदर से दिक्कत करती हैं। एक-दो बार तो ठीक है लेकिन बार-बार आप अंग्रेजी दवा लेंगे तो आपको बहुत दिक्कत हो सकती है।

मुझे तो एक बार रिएक्शन भी बहुत ज्यादा हो गया था। बात उस समय की है जब मेरे बड़े भाई की शादी थी। और शादियों में तो आप जानते ही हैं, खाना इधर-उधर हो ही जाता है। अब मुझे भी लूज़ मोशन की दिक्कत हो गई। तो मैंने मार्केट से एलोपैथिक दवा लेकर खा ली। उससे मेरा लूज़ मोशन तो बंद हो गया, लेकिन कुछ देर बाद मेरे पूरे शरीर में, खासकर सिर में इतनी खुजली होने लगी और बहुत गर्मी हो गई। छोटे-छोटे दाने निकल आए।

अब ऐसे में लोग उधर बारात जाएं और मेरे लिए कुछ करें... फिर मैं ठंडे पानी से नहाई और एक एविल की गोली खाई, तब जाकर आराम हुआ। तब मुझे समझ आया कि एलोपैथिक जितना जल्दी भले ही असर करता है, लेकिन उसके साइड इफेक्ट भी बहुत हैं। तब से मैंने आयुर्वेद की तरफ रुख कर लिया।

इसी क्रम में मैंने एक योग गुरु और आयुर्वेद के ज्ञाता श्री नित्यानंद जी का एक यूट्यूब पर वीडियो देखा, जिसमें उन्होंने एक घरेलू उपाय बताया था। तब से मुझे जब भी गैस, अफारा या लूज़ मोशन की शिकायत होती है, मैं ये उपाय जरूर आजमाती हूं।

सामग्री:

  • 100 ग्राम अजवाइन (पीसी हुई)
  • 7 नींबू
  • 100 ग्राम सेंधा नमक (Low BP वालों के लिए 50 ग्राम)

बनाने की विधि:

  1. 100 ग्राम अजवाइन को पीस लीजिए।
  2. इसे कांच या चीनी मिट्टी के बर्तन में रखें, क्योंकि धातु के बर्तन में रखने से हो सकता है कि उस धातु के गुण इसमें चले जाएं।
  3. अब एक नींबू निचोड़कर उसका रस अजवाइन में डालें। ध्यान रखें – नींबू, हाथ या बर्तन में पानी या नमी नहीं होनी चाहिए।
  4. अब इसे मलमल के कपड़े से ढककर धूप में थोड़ी देर के लिए रखें।
  5. ऐसा 7 दिनों तक करें – रोज 1 नींबू डालें और धूप में रखें।
  6. जब यह मिश्रण पूरी तरह सूख जाए तो इसमें 100 ग्राम सेंधा नमक मिला लें। (Low BP वालों के लिए सिर्फ 50 ग्राम)
  7. इसे टाइट बंद डिब्बे में रखें ताकि नमी अंदर न जाए।

सेवन की विधि:

  • बड़ों के लिए: 1 चम्मच चाच या गुनगुने पानी के साथ लें।
  • बच्चों के लिए: आधा चम्मच – सब्जी के रस या सूप में मिला सकते हैं।
  • पुरानी बीमारी या लगातार समस्या हो तो 15 दिन तक रोज लें।
  • सिरदर्द, गैस, अफारा जैसी समस्या में भी ये बहुत फायदेमंद है।

अगर नमी नहीं है तो आप इसे 2 साल तक भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

मेरा अनुभव:

इस नुस्खे ने मुझे हर बार राहत दी है। न कोई साइड इफेक्ट, न कोई नुकसान। यह एक ऐसा घरेलू उपाय है जो आपके किचन में ही तैयार हो सकता है। स्वामी जी का ज्ञान और मेरा अनुभव – दोनों ने मुझे आयुर्वेद की राह दिखाई और इस राह ने मुझे स्वास्थ्य और सुकून दिया।

नोट:

अगर आपने अभी तक इस नुस्खे को नहीं आजमाया है, तो एक बार जरूर करें। और अगर आजमा चुके हैं, तो कमेंट में अपने अनुभव जरूर साझा करें।

Disclaimer: यह घरेलू नुस्खा मेरे व्यक्तिगत अनुभव और स्वामी नित्यानंद जी के मार्गदर्शन पर आधारित है। किसी गंभीर बीमारी या एलर्जी की समस्या हो तो कृपया पहले अपने डॉक्टर से सलाह लें।

टिप्पणियाँ